Advanced Agriculture Festival: प्रत्येक प्रखंड में ’बीज ग्राम’ विकसित किए जाएंगे

प्रत्येक प्रखंड में ’बीज ग्राम’ विकसित किए जाएंगे यह इसलिए ताकि गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। दलहन और बागवानी का विस्तार किया जाएगा और इस क्षेत्र को बागवानी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों के माध्यम से जल के कुशल उपयोग पर जोर दिया। किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी सुलभ बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कस्टम हायरिंग सेंटर और मशीन बैंक स्थापित किए जाएंगे। (Advanced Agriculture Festival)

Advanced Agriculture Festival रायसेन में तीन दिनी उन्नत कृषि महोत्सव

यह बात भारत सरकार के कृषि मंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने रायसेन में आयोजित तीन दिनी राष्ट्रीय स्तर के  कृषि मेला ’उन्नत कृषि महोत्सव’ के समापन अवसर पर कही। कृषि और किसानों के लिए यह अपने तरह का अनूठा आयोजन था।

कृषि विकसित भारत के निर्माण में केंद्रीय भूमिका निभाएगी

Advanced Agriculture Festival तीन दिनी इस आयोजन के समापन समारोह में प्रमुख रुप से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित थे। श्री चौहान ने श्री नितिन गडकरी का स्वागत करते हुए उन्हें नवाचार और कार्यक्षमता के माध्यम से परिणाम देने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि विकसित भारत के निर्माण में केंद्रीय भूमिका निभाएगी और किसानों की सेवा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

पैक हाउस और कोल्ड स्टोरेज अवसंरचना के विस्तार की भी घोषणा

देश के कृषि मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण नर्सरियों और स्वच्छ पौध केंद्रों के विकास, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सुदृढ़ करने और किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक सहयोग देने के लिए पैक हाउस और कोल्ड स्टोरेज अवसंरचना के विस्तार की भी घोषणा की। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि एकीकृत कृषि मॉडल छोटे भू-जोतों पर भी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

’बीज से बाजार तक’ का रोडमैप तैयार किया गया है

श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्नत कृषि महोत्सव मात्र एक औपचारिक आयोजन नहीं है और इसका समापन एक नई शुरूआत का प्रतीक है। उन्होंने इस चार दिवसीय आयोजन को किसानों के लिए शिक्षित होने का ऐसा मंच बताया जो व्यावहारिक ज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और विकास को एक साथ प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मिट्टी, जलवायु, जल उपलब्धता और संसाधनों के आधार पर एक विस्तृत ’बीज से बाजार तक’ का रोडमैप तैयार किया गया है। इस रोडमैप से क्षेत्र के लिए उपयुक्त फसलों, फलों और सब्जियों की पहचान होगी और उनके उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की योजनाओं की रूपरेखा बनेगी।

राष्ट्रीय स्तर की संचालन समिति भी बनाई जाएगी

श्री चौहान ने घोषणा की है कि रोडमैप के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए समर्पित कार्यबल का गठन किया जाएगा और साथ ही राष्ट्रीय स्तर की संचालन समिति भी बनाई जाएगी। केंद्र और राज्य सरकारों की टीमें मिलकर यह सुनिश्चित करेंगी कि योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।  इस अवसर पर श्री नितिन गडकरी ने सड़कों के विकास, आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों, जल संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा और गांवों की समृद्धि के लिए व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया वहीं श्री शिवराज सिंह चौहान ने जमीनी स्तर पर ’बीज से बाजार तक’ के लिए कृषि रोडमैप को लागू करने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।

विकास के संबंध में प्रमुख घोषणाएं

श्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से क्षेत्र के संबंध में की गई मांगों का उत्तर देते हुए श्री नितिन गडकरी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने और राज्य सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण में सहायता प्रदान करने सहित रायसेन रिंग रोड/पूर्वी बाईपास परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सैद्धांतिक तौर पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने पुलों के सौंदर्यीकरण के लिए भी सहायता प्रदान करने और अन्य सुसंगत सड़क अवसंरचना प्रस्तावों पर सहयोग का आश्वासन दिया।

मंत्री के रूप में नहीं बल्कि किसान के रूप में आए हैं

इस मौके पर श्री नितिन गडकरी ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में मंत्री के रूप में नहीं बल्कि किसान के रूप में आए हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कृषि का भविष्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मौसम केंद्रों, उपग्रह आधारित प्रणालियों, ड्रोन और नैनो यूरिया जैसी प्रौद्योगिकियों से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने किसानों से इस सिलसिले में हो रहे परिवर्तनों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान सबसे बड़ी शक्ति है और ज्ञान को संपदा में बदलना आज कृषि क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

किसान केवल खाद्य प्रदाता ही नहीं रहेंगे

उन्होंने किसानों को उत्पादकता बढ़ाने और लागत कम करने के लिए नवाचार, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी आधारित पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी बताया कि किसान केवल खाद्य प्रदाता ही नहीं रहेंगे बल्कि ऊर्जा, ईंधन, विमानन ईंधन, बिटुमेन और हाइड्रोजन के आपूर्तिकर्ता भी बनेंगे। कृषि अवशेष, बायोमास, इथेनॉल, सीएनजी और हाइड्रोजन से आय के नए अवसर खुलेंगे, आयात कम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।

जल संरक्षण पैसों की बचत की तरह महत्वपूर्ण

श्री गडकरी ने जल संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि जल को बेकार बहने की गति धीमी करने, उसे संग्रहित करने और उसके पुनः उपयोग के लिए भू-जल स्तर को बहाल करने की सुविधा होनी चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण को पैसों की बचत की तरह महत्वपूर्ण बताते हुए उस पर बल देते हुए यह संदेश दिया कि “गांव का पानी गांव में, खेतों का पानी खेतों में और घरेलू पानी घरों में ही रहना चाहिए”। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में सीधे सिंचाई की सुविधा नहीं है वहां जल संरक्षण संबंधी संरचनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और मूल्यवर्धन का महत्व

श्री गडकरी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और जल-आधारित या समुद्री अर्थव्यवस्था को प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने दूध उत्पादन, मत्स्य पालन और इनसे संबंधित गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया किया कि केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि प्रसंस्करण, शीत गृह में भंडारण, प्री-कूलिंग और मूल्यवर्धन के लिए सुदृढ़ प्रणालियां भी आवश्यक हैं। ये सुविधाएं नहीं हों तो अधिक उत्पादन होने से कीमतें गिरती हैं जिससे किसानों को नुकसान होता है।

पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, हाइड्रोपोनिक्स

उचित भंडारण और प्रसंस्करण अवसंरचना बेहतर लाभ सुनिश्चित करने में सहायक हो सकती है। उन्होंने किसानों को मशीनरी के प्रदर्शन, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, हाइड्रोपोनिक्स, एक एकड़ कृषि मॉडल, बकरी पालन और मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों के बारे में जानकारी के लिए प्रदर्शनी का अवलोकन करने और उससे सीखने के लिए प्रोत्साहित किया और इन जानकारियों को अपने यहां लागू करने के लिए प्रेरित किया।

मध्य प्रदेश में कृषि की प्रगति की सराहना

श्री नितिन गडकरी ने श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के दौरान कृषि क्षेत्र में हासिल की गई मध्य प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें किसानों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करती हैं।

लाभों का वितरण

कृषि महोत्सव के समापन सत्र के दौरान किसानों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभों का वितरण किया गया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर और हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने भी सभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, मंत्री, सांसद, विधायक, जन प्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ, वरिष्ठ अधिकारी और हजारों किसान उपस्थित थे।

(समाचार और फोटोग्राफ (www.pib.gov.in) से साभार)

About The Author